युवक कोरोना पॉजिटिव मिलने पर गांव सेढ़ा सील
धामपुर। कोतवाल रंजन कुमार शर्मा ने बताया कि धामपुर थाने के गांव सेढ़ा में एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंच पीड़ित युवक के सात सदस्यों को परीक्षण के लिए अपने साथ ले गई है।
एक ही परिवार के दो सदस्य तीन दिन पहले मुंबई से घर आए थे। उनका बृहस्पतिवार को कोरोना टेस्ट हुआ था, जिनमें से एक पॉजिटिव मिला है। पुलिस की ओर से गांव को सील कर दिया गया है। ग्राम प्रधान ने गांव को सैनिटाइज करा दिया है। उधर, धामपुर कोतवाली में एक सप्ताह पूर्व तक तैनात रहा दरोगा मुरादाबाद में कोरोना पॉजिटिव आया है। बताया गया है कि धामपुर कोतवाली से करीब एक सप्ताह पूर्व दरोगा का मुरादाबाद तबादला हुआ था। तबादले से पहले दरोगा की ड्यूटी पिछले काफी समय तक नगीना चौराहे पर लगी थी। बताया जाता है कि दरोगा का पिछले दिनों मुरादाबाद में ही सैंपल टेस्ट हुआ था। शुक्रवार को देर शाम आई रिपोर्ट में यह दरोगा संक्रमित पाया गया। दरोगा के संक्रमित रिपोर्ट आने के बाद धामपुर में तैनाती के समय उसके साथ ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों में हड़कंप मचा है।