गांव बघाला और कोटकादर सील
नगीना। क्षेत्र के गांव बघाला निवासी एक ही परिवार के पांच सदस्यों और कोटकादर निवासी दो लोगों की कोरोना से संक्रमित होने की रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिसके बाद दोनों गांवों को सील कर दिया गया है। दोनों हॉटस्पॉट क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों को लॉकडाउन का पालन करने की हिदायत दी गई है।
तहसीलदार हामिद हुसैन ने बताया की शुक्रवार रात नगीना तहसील के जिन सात व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उनमें से पांच गांव बघाला और दो गांव कोटकादर के हैं। बघाला में जिन पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है वह पांचों एक ही परिवार के सदस्य हैं। गांव में एक व्यक्ति 15 मई को अहमदाबाद गुजरात से अपने घर आया था। 18 मई को प्रशासन ने उसे क्वारंटीन किया गया था। 22 मई को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसके संपर्क में आने वाले परिवार के सदस्यों को क्वारंटीन किया गया था। शुक्रवार को कोरोना संक्रमित की पत्नी, दो बच्चे, तेहेरे भाई व एक भतीजे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पांचों को पैराडाइज बैंक्वेट हॉल के आइसोलेशन वार्ड से मुरादाबाद इलाज के लिए भेज दिया गया है। वहीं, मुंबई से आए गांव कोटकादर निवासी दो मरीजों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, इन्हें भी मुरादाबाद भेज दिया गया है तथा गांव को सील कर दिया गया है।