फल मंडी हटवाने के लिए विजय जैन ने निर्जल उपवास रखा
धामपुर। मछली बाजार से फल मंडी को शहर से बाहर कराने की मांग को लेकर सोमवार को शिवसेना के प्रदेश संयुक्त सचिव विजय जैन ने अपने घर पर निर्जल उपवास रखकर आंदोलन शुरू कर दिया है। चेताया कि यह एक दिवसीय सांकेतिक मात्र था। उनकी मांग को नहीं माना गया तो फिर आंदोलन की रणनीति बनेगी।
आंदोलनकारी विजय जैन ने बताया कि देेेश में कोरोना महामारी को लेकर हाहाकार मचा है। प्रशासन ने मार्च में बड़ी मंडी से सब्जी मंडी को हटाकर हाईवे किनारे केएम इंटर कालेज के मैदान में शिफ्ट कर दिया। पर मछली बाजार में स्थित फलों की मंडी को अभी नहीं हटाया गया। जबकि वहां पर व्यापारियों के कारण जमघट रहता है। वह कई बार पालिका के ईओ, एसडीएम को ज्ञापन दे चुके हैं। पालिका के ईओ के आदेश जारी करने के बाद भी फलों की मंडी को वहां से नहीं हटाया जा रहा है।
फल मंडी हटवाने की मांग को लेकर सोमवार को विजय जैन ने अपने आवास पर निर्जल उपवास रखा। युवा सेना, योगी सेना, राष्ट्रीय युवा हिंदी वाहिनी के पदाधिकारियों ने आंदोलन स्थल पर जाकर समर्थन किया। इस मौके पर राजीव कुमार, विपिन प्रजापति, अतुल सैनी, अक्षत रस्तोगी, संयम जैन, मनमोहन भारद्वाज रहे। उधर एसडीएम धीरेंद्र सिंह का कहना है कि फल मंडी को शहर से बाहर कराने के लिए जमीन को तलाशने का काम शुरू कर दिया है। जमीन मिलते ही मंडी को बाहर शिफ्ट कर दिया जाएगा।