वायरल हुआ एआरटीओ के कैशियर का वीडियो
बिजनौर। रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के लिए चर्चाओं में रहने वाले एआरटीओ कार्यालय एक बार फिर से चर्चाओं में आ गया। सोमवार को कार्यालय के कैशियर का रिश्वत मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर अफसरों एवं कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
सोमवार को एक व्यक्ति अपने वाहन का टैक्स जमा करने के लिए एआरटीओ कार्यालय गया। वहां पर उसने टैक्स जमा करने के बाद कैशियर से रसीद मांगी। आरोप है कि कैशियर ने उससे अभद्रता की और रसीद देने के एवज में सुविधा शुल्क की मांग की। इस व्यक्ति ने इसका विरोध किया और फिर से रसीद देने की बात कही। कैशियर के भड़कने पर वीडियो बनाने वाले ने कहा कि सरकार ने जनता का काम करने के लिए ही नौकरी दी है और इसके बदले सरकार अच्छा खासा वेतन देती है, फिर रिश्वत किस बात की। इस दौरान कैशियर और इस व्यक्ति के बीच जमकर झड़प हुई। इसके बाद वह व्यक्ति वहां से चला गया। एआरटीओ प्रशासन प्रणव झा ने बताया कि यह कर्मचारी उनके दफ्तर का ही कैशियर है। उसने कोई गलत बात नहीं बोली है। प्रिंटर खराब होने की बात कहने पर टैक्स जमा करने वाला व्यक्ति उससे अभद्रता करने लगा था। उसने केवल पूछताछ केंद्र पर पता करने के लिए कहा था। जहां तक रिश्वत मांगने का का सवाल है, तो वह बिल्कुल निराधार है। मामले की जांच कराई जाएगी और आरोप सिद्ध होने पर जो भी दोषी होगा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।