बिजनौर। पानीपत खटीमा नेशनल हाईवे के बिजनौर बाईपास पर वाहनों का आवागमन चालू हो गया है। इस बाईपास ने बिजनौर कोतवाली मार्ग और बिजनौर नजीबाबाद मार्ग को आपस में जोड़ दिया है। बिजनौर-नगीना मार्ग पानीपत खटीमा नेशनल हाईवे का हिस्सा है। इस सड़क का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। हालांकि कोतवाली देहात के ओवर ब्रिज और महेश्वरी जट में अंडरपास पर अभी काम चल रहा है।
बिजनौर कोतवाली मार्ग को मेरठ पौड़ी नेशनल हाईवे यानि नजीबाबाद-बिजनौर मार्ग से जोड़ने के लिए बिजनौर में बाईपास का निर्माण हुआ है। यह पेदा गांव के पास से शुरू होकर बिजनौर कोतवाली मार्ग पर वीकेआईटी कॉलेज के पास पहुंच रहा है। तीन किलोमीटर लंबे इस बाईपास को पूरा कर लिया गया है। हालांकि पेदा गांव में रेलवे ट्रैक पर ओवर ब्रिज बनने में देर लगी। एनएचएआई के एसडीओ आशीष शर्मा ने बताया बाईपास का निर्माण पूरा हो चुका है, जिस पर वाहन भी गुजर रहे हैं। हालांकि पेंटिंग का काम होना बाकी रह गया है।
वहीं, मेरठ पौड़ी हाईवे को फोरलेन करने की परियोजना में बिजनौर का बाईपास भी शामिल है। यह बाईपास बिजनौर बैराज मार्ग से शुरू होकर बिजनौर नजीबाबाद मार्ग पर गांव पेदा के आकर निकल रहा है, जिसके निर्माण का काम भी तेजी से चल रहा है।