स्योहारा। लगातार बंदी और प्रशासनिक सख्ती के बीच आखिरकार सब्जी मंडी विवाद का हल निकलता नजर आया है। रविवार को आढ़तियों की निर्णायक बैठक में नई जगह तय कर ली गई, जिससे ठप पड़े कारोबार के फिर से पटरी पर लौटने की उम्मीद जगी है।
रविवार को आढ़तियों की हुई अहम बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पुरानी जगह से करीब 200 मीटर दूर, ईंट-भट्ठे के पास मुख्य सड़क से लगभग 100 फीट अंदर अस्थायी मंडी स्थापित की जाएगी। इससे पहले सुबह कुछ आढ़तियों ने मुख्य मार्ग के किनारे ही सब्जी की बिक्री शुरू कर दी थी, जिससे विवाद और बढ़ने की आशंका थी लेकिन सुबह साढ़े दस बजे तीन दर्जन से अधिक आढ़ती एकजुट हुए और सामूहिक निर्णय लेकर नई व्यवस्था पर सहमति बना ली।
ज्ञात हो कि 16 मार्च की देर शाम मंडी समिति के सचिव अभिषेक शर्मा ने शासन के आदेश का हवाला देते हुए मंडी को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया था। इसके बाद से मंडी लगातार छह दिन तक बंद रही, जिससे किसानों और व्यापारियों दोनों को नुकसान उठाना पड़ा। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक अनुमति पर टिकी हैं। आढ़ती जल्द ही नई जगह के लिए आवेदन करेंगे। वहीं प्रशासन ने भी संकेत दिए हैं कि सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से लगने वाली मंडियों पर सख्ती जारी रहेगी। बैठक में शरीफ अहमद, इदरीश अहमद, नदीम मलिक, ऋषिराम सैनी, फरमान अहमद, महेंद्र सैनी, अय्यूब अहमद, इरफान अहमद, साकिब अहमद, जय कुमार सैनी, शुभम सैनी, प्रकाश तोमर, राजपाल सैनी, अंकुर सैनी, हिमांशु सैनी और मुकेश सैनी समेत कई आढ़ती मौजूद रहे।
नई जगह पर मंडी लगाने के लिए प्रशासन की अनुमति और मंडी समिति से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा, साथ ही मंडी मुख्य मार्ग से हटकर ही संचालित की जाएगी। पहले भी मुख्य मार्ग पर हो रही मंडी संचालन की शिकायतों के आधार पर ही मंडी बंद कराई गई थी। अभिषेक शर्मा, मंडी सचिव धामपुर