स्लॉट बुक होने के बाद भी नहीं हुआ वैक्सीनेशन
नजीबाबाद। वैक्सीन उपलब्ध न होने से स्लॉट बुक कराने वाले लोगों का टीकाकरण नहीं हो सका। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित वैक्सीनेशन शिविर फिलहाल रद्द कर दिए हैं। पीएचसी, एलबीआर सहित तीन केंद्रों पर मात्र 300 लोगों का वैक्सीनेशन किया जा सका।
प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से नजीबाबाद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, लाला भोजाराम राजकीय नेत्र चिकित्सालय सहित करीब दो दर्जन से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को वैक्सीनेशन किया जाना था। बड़ी संख्या में लोगों ने वैक्सीनेशन के लिए पहले से स्लॉट बुक कराए थे। वैक्सीन उपलब्ध न होने के कारण नजीबाबाद के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन ने वैक्सीनेशन शिविर सोमवार को रद्द कर दिए।
स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अजीत सिंह, ब्लॉक मैनेजर नृपेंद्र सिंह के निर्देशन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, लाला भोजाराम राजकीय नेत्र चिकित्सालय और नगरपालिका परिषद में आयोजित शिविर में पहले से स्लॉट बुक कराने वाले प्रत्येक केंद्र पर 100-100 के वैक्सीनेशन किए गए। वैक्सीनेशन शिविर में 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों ने दूसरी डोज के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने वैक्सीनेशन कराया।
ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीनेशन के लिए स्लॉट बुक कराने वाले बड़ी संख्या में ग्रामीणों को निराश होना पड़ा। स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार को नजीबाबाद नगर क्षेत्र में पीएचसी और एलबीआर केंद्रों पर वैक्सीनेशन किया जाएगा।