बिजनौर में यदि आपको नौ अगस्त को दिल्ली, हरिद्वार , काशीपुर व कोटद्वार की ओर जाना है तो संभलकर निकलें। भाकियू ने उत्तराखंड की सीमाएं सील करने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। जिले में तीन स्थान जाम के लिए चिह्नित किए गए हैं। इन पर भीड़ जुटाने के लिए किसानों की आठ टीमें गांव-गांव संपर्क कर रही हैं।
भाकियू के जिला अध्यक्ष रामअवतार सिंह के अनुसार उत्तराखंड सरकार ने गन्ने के रेट में पांच रुपये प्रति क्विंटल की कमी कर दी है। इससे वहां के किसानों ने गहरा रोष है। यूनियन ने गन्ना रेट कम करने समेत पहाड़ के किसानों व सीमा पर रहने वाले लोगों की कई मांगों के समर्थन में नौ अगस्त को उत्तराखंड राज्य की सीमाएं सील करने का निर्णय लिया है। किसानों की आठ टीमें गांव-गांव जा रही हैं। क्षेत्रवार जाम की सभी तैयारी पूरी हो गई हैं। इसके लिए बिजनौर-हरिद्वार मार्ग पर भागूवाला, दिल्ली-कोटद्वार मार्ग पर बड़िया तथा काशीपुर मार्ग पर अफजलगढ़ को जाम के लिए चुना गया है। इन मार्गों पर सुबह से ही किसान टेंट लगा देंगे। जिला अध्यक्ष ने किसानों से ज्यादा संख्या में अपने नजदीकी धरने पर पहुंचने की अपील की है। किसानों की टीम प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की असलियत की भी किसानों को जानकारी दे रही है। किसान किसी भी हालत में प्रीमियम नहीं काटने देंगे।