सफाईकर्मियों का सभासद के खिलाफ हंगामा
धामपुर। धामपुर पालिका में मंगलवार को सफाई कर्मचारियों ने सभासद जितेंद्र कुमार गोयल के खिलाफ पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता और ईओ सुभाष कुमार के समक्ष जमकर हंगामा किया। सफाई कर्मियों ने सभासद पर सफाई होने के बावजूद बोर्ड बैठक में सफाई व्यवस्था ठप होने का झूठे आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने का आरोप लगाया। चेतावनी दी कि सभासद ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो कार्य बहिष्कार कर आंदोलन किया जाएगा।
धामपुर नगर पालिका में तीन दिन बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया था। सफाई कर्मियों का आरोप है कि बैठक में सभासद जितेंद्र गोयल ने नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप बताकर पालिका को बदनाम करने का प्रयास किया है। इस मामले को मंगलवार को सफाई कर्मी पालिका में एकत्र हुए और पालिकाध्यक्ष कार्यालय में चेयरमैन राजू गुप्ता और ईओ के समक्ष सभासद को तलब कर माफी मंगवाने की जिद पर अड़ गए। चेताया कि सदस्य ने उनके सामने आकर माफी नहीं मांगी तो वह सफाई कार्य का बहिष्कार करेंगे।
पालिकाध्यक्ष ने सफाई कर्मियों के सामने संबंधित सदस्य से वार्ता की तो आरोपी सभासद ने बताया कि वह नगर से बाहर हैं। इसलिए वह नहीं आ सकते। पालिकाध्यक्ष के समझाने के बाद सफाई कर्मचारी शांत हुए। चेताया कि पालिका सदस्य ने माफी नहीं मांगी तो तो कार्य बहिष्कार होगा। कर्मियों ने ईओ से वेतन से कट रही पीएफ की धनराशि को उनके खाते में जमा कराने की भी मांग उठाई। इस दौरान सफाई कर्मी दिलीप सिंह, संदीप कुमार, मंजीत कुमार, जितेंद्र , वसीम, राजेश पवार, अमित, अंकित , राजीव कुमार आदि शामिल रहे।
भावनाओं को आहत करने की मंशा नहीं
पालिका सदस्य जितेंद्र कुमार गोयल का कहना है कि उनकी मंशा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की नहीं थी। जब उनके वार्ड के लोग आए दिन शिकायत कर रहे थे तो इसलिए उन्होंने मामले को सदन में उठाया था।