भाकियू का स्योहारा चीनी मिल के खिलाफ हंगामा
बिजनौर, धामपुर/स्योहारा। भाकियू कार्यकर्ताओं ने स्योहारा चीनी मिल प्रबंधन को किसानों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
ब्लाक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह टिकैत ने कहा कि चीनी मिल प्रबधंन से बार बार इंडेंट बढ़ाकर जारी करने की मांग की जा रही है। लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने विकास, बिजली और राजस्व विभाग के अधिकारियों पर भी किसान उत्पीड़न करने के आरोप लगाए। कहा कि किसान एक एक गन्ना पर्ची को परेशान हो रहा है। स्योहारा मिल गेट का अभी लगभग 25 लाख क्विंटल का बेसिक कोटा बचा हुआ है। जबकि मिल की ओर से 25 से 30 हजार बेसिक कोटे की गन्ना पर्ची जारी की जा रही है। इंडेंट बढ़ा कर न भेजने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
कार्यकर्ताओं ने आवारा पशुओं से फसलों की हो रही बर्बादी के मामले को भी जोरदार ढंग से उठाया। कहा कि विकास विभाग के अधिकारियों की ओर से आवारा पशुओं को पकड़ कर गोशालाओं में नहीं छोड़ा जा रहा है। फसलों के नुकसान के बचाने का प्रयास करने पर पशु हमला कर किसानों को घायल कर रहे हैं। बिजली के जर्जर लाइनों की वजह से कम वोल्टेज आ रहे है। जेई और एक्सईएन से समस्या का निदान कराने की मांग की। लेकिन कुछ नहीं हो रहा है। बेठक में अनिल चिकारा, अवनीश कुमार, पोखर सिंह, हरिओम यादव, महेश यादव, रोहतास सैनी, अभिषेक, जसवंत सिंह रहे। अध्यक्षता गजेंद्र सिंह ने की। संचालन अनुज बालियान ने किया।