बिजनौर विधानसभा से गठबंधन प्रत्याशी डॉक्टर नीरज चौधरी सोमवार को अपने समर्थकों के साथ मंडावर थाना क्षेत्र के गांव इनाम पुरा में जनसभा कर रहे थे। इस जनसभा को लेकर मंडावर थाना पुलिस ने आचार संहिता के उल्लंघन और महामारी अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया है।
बताया गया कि पुलिस ने गठबंधन प्रत्याशी डॉक्टर नीरज चौधरी, रालोद जिलाध्यक्ष अली अदनान समेत 21 लोग नामजद और डेढ़ सौ अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है।
दस प्रत्याशियों ने नाम लिए वापस
बिजनौर में नामांकन वापसी के आखिरी दिन दस प्रत्याशियों ने नाम वापस कराए हैं। इनमें से ज्यादातर प्रत्याशियों ने निर्दलीय रूप में नामांकन दाखिल कराया था और इनके परिजन राजनीतिक दलों से चुनाव लड़ रहे हैं। माना जा रहा है कि उन्होंने कुछ दिन तक अपने रिश्तेदारों के लिए प्रचार करने को पर्चा दाखिल किया था।
यह भी पढ़ें: यूपी चुनाव 2022 : शाह के मुजफ्फरनगर दौरे पर टिकी विपक्ष की नजरें, भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने ट्वीट कर उठाया ये मुद्दा
नजीबाबाद विधानसभा सीट से परवेज अकील और शाहरुख खलील और नगीना सीट से माधव राम ने पर्चा वापस लिया है। बढ़ापुर से सोनल सिंह और महेंद्र ने पर्चे वापस लिए हैं। सोनल सिंह भाजपा विधायक व बढ़ापुर से प्रत्याशी सुशांत सिंह की पत्नी हैं। धामपुर से ज्योति किरण ने नामांकन वापस ले लिया है। नहटौर सीट से किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया है। बिजनौर सीट से स्वाति वीरा और सीमा चौधरी ने नाम वापस लिया है। स्वाति वीरा पूर्व विधायक व बसपा प्रत्याशी रुचि वीरा की बेटी हैं और सीमा चौधरी गठबंधन प्रत्याशी डॉ. नीरज चौधरी की पत्नी हैं। चांदपुर सीट से शबील अहमद व नूरपुर से पल्लवी रानी ने नामांकन वापस लिया है। पल्लवी रानी भाजपा प्रत्याशी सीपी सिंह की पत्नी हैं। सभी प्रत्याशियों ने खुद अपने नामांकन वापस लिए हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी चुनाव 2022 : शाह के मुजफ्फरनगर दौरे पर टिकी विपक्ष की नजरें, भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने ट्वीट कर उठाया ये मुद्दा