यूपी बोर्ड : परीक्षा केंद्र के लिए सत्यापन आज से
बिजनौर। तीन दिसंबर से यूपी बोर्ड परीक्षा का केंद्र बनने के लिए भेजी गई सूचनाओं का सत्यापन शुरू होगा। सत्यापन तहसीलों के एसडीएम की अध्यक्षता में गठित चार सदस्यीय समिति करेगी। शासन ने टीम भेजकर हर विद्यालय के लोकेशन की स्थिति ली है।
शासन ने यूपी बोर्ड ने 2022 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अंतर्गत परीक्षा केंद्रों का निर्धारण हो रहा है। शासन ने विद्यालयों से तय 14 बिंदुओं पर रिपोर्ट तलब की थी। जिले में 385 विद्यालय हैं। विद्यालयों को रिपोर्ट 27 नवंबर तक बोर्ड की वेबसाइट आनलाइन फीड करनी थी। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि जिले के सभी विद्यालयों ने बोर्ड का परीक्षा केंद्र बनने के लिए रिपोर्ट भेज दी है। अब तीन दिसंबर से विद्यालयों द्वारा भेजी रिपोर्ट का सत्यापन तहसील वार होना है। बताया कि सत्यापन के लिए तहसील वार टीम बनी हैं। तहसील के एसडीएम समिति के अध्यक्ष तथा तहसीलदार, उस तहसील में स्थित राजकीय इंटर कॉलेज का एक प्रधानाचार्य तथा पीडब्ल्यूडी का इंजीनियर सदस्य है। बताया कि तहसील की टीम को अपनी रिपोर्ट नौ दिसंबर तक बोर्ड की वेबसाइट पर आनलाइन फीड करनी है। इसके बाद शासन से परीक्षा केंद्रों का निर्धारण तय होगा। इसके बाद डीएम के निर्देश पर गठित समिति सत्यापन करेंगी।
मौके पर विद्यालय है या नहीं का हुआ सत्यापन
शासन यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में पूरी सतर्कता बरत रहा है। 385 विद्यालयों ने 27 नवंबर तक परीक्षा केंद्र बनने के लिए तय मानकों पर अपनी रिपोर्ट भेजी है। इसके बाद शासन ने हर विद्यालय की लोकेशन की जानकारी ली है। इसके लिए राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षकों की ब्लॉकवार 11 टीम बनाई गई थीं। लोकेशन फ़ीड करने की आखिरी तारीख दो दिसंबर थी। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि टीमों ने स्कूलों में जाकर लोकेशन फीड कर दी है।
तारीख पर तारीख, लेकिन नहीं बढ़ रहे छात्र
यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा फार्म भरने की तारीख चौथी बार बढ़ी है। बोर्ड के बार-बार तारीख बढ़ाने के बावजूद छात्रों की संख्या नहीं बढ़ रही है। अब छात्र 15 दिसंबर तक फार्म भर सकते हैं। वर्ष 2022 की परीक्षा के लिए वर्ष 2021 के मुकाबले करीब 3000 कम छात्रों ने फार्म भरे हैं। पिछली बार 129 परीक्षा केंद्र थे। छात्रों की संख्या कम होने से केंद्र की संख्या घट सकती है। डीआईओएस कार्यालय ने परीक्षा फार्म भरने की तारीख बढ़ने की पुष्टि की है।