अगस्त के प्रथम सप्ताह में आ सकता है यूपी बोर्ड का रिजल्ट
बिजनौर। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटर कालेज के छात्र छात्राओं को रिजल्ट के लिए अभी इंतजार करना होगा। क्योंकि रिजल्ट घोषित करने के लिए पांचवीं बार तारीख मिली है। अब रिजल्ट अगस्त के प्रथम सप्ताह में आ सकता है। जिले के हाईस्कूल व इंटर के 90 हजार से अधिक छात्र छात्राएं रिजल्ट के लिए बेताब हैं।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा कोरोना के कारण नहीं हुई है। छात्रों का रिजल्ट घोषित करने के लिए दोनों परीक्षाओं के लिए अलग-अलग फार्मूला बनाया गया है। जिले से हाईस्कूल के 51560 तथा इंटर के 44171 कुल 95731 छात्र छात्राएं वर्ष 2021 की परीक्षा के लिए पंजीकृत है। शासन ने सबसे पहले जुलाई के प्रथम सप्ताह में रिजल्ट घोषित करने की घोषणा की थी। उसके बाद जुलाई के दूसरे सप्ताह में रिजल्ट घोषित करने की खबर आई। तीसरी बार जुलाई के तीसरे सप्ताह में रिजल्ट आने का मिला भरोसा भी खाली गया। रिजल्ट घोषित होने की चौथी बार की घोषणा पर भी निराशा ही हाथ लगी। अब पांचवीं बार रिजल्ट अगस्त में आने की बात कही जा रही है।
डीआईओएस दफ्तर से मिली जानकारी के अनुसार रिजल्ट अगस्त के प्रथम सप्ताह में घोषित हो सकता है। आईसीएसई बोर्ड का हाईस्कूल व इंटर का रिजल्ट घोषित हो गया है। सीबीएसई का रिजल्ट भी इसी माह आने की उम्मीद जताई जा रही है। यूपी बोर्ड के रिजल्ट आने में हो रही देरी से इंटर के छात्र परेशान हैं।
छात्र वैभव व हर्ष ने बताया कि इंटर का रिजल्ट आने में जितनी देर हो रही है उससे गैर राज्यों में हायर एजूकेशन में दाखिला लेने की उम्मीद कम होती जा रही है। जब अच्छी संस्थाओं में दाखिला नहीं होगा तो साल बचाने के लिए ही दाखिला लेना होगा। डीआईओएस राजेश कुमार का कहना है कि रिजल्ट घोषित करना बोर्ड का काम है।