यूपी बोर्ड अंक सुधार परीक्षा की प्रक्रिया शुरू
बिजनौर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2021 में अंक सुधार के लिए आवेदन करने में मात्र पांच दिन बचे हैं। जिले में 90 हजार से अधिक छात्र छात्राएं इस साल हाईस्कूल व इंटर में पंजीकृत हैं।
जिले में यूपी बोर्ड के 387 विद्यालय हैं। इन विद्यालयों में वर्ष 2021 की बोर्ड परीक्षा के लिए हाईस्कूल के करीब 50 हजार तथा इंटर के 40 हजार से अधिक छात्र छात्राएं पंजीकृत थे। शासन ने कोरोना के कारण वर्ष 2021 की बोर्ड परीक्षा निरस्त कर दी थी। छात्रों को तय फार्मूला के आधार पर नंबर दिए गए हैं।
छात्र छात्राओं ने मिले अंकों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। मामला शासन तक पहुंचा था। शासन ने रिजल्ट घोषित होने के समय ही अंक सुधार के लिए परीक्षा कराने के विकल्प का एलान कर दिया था। अब आवेदन करने की तारीख का ऐलान कर दिया गया है। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि अंक सुधार परीक्षा के लिए छात्र बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in से आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। छात्र को आवेदन पत्र भरकर अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य को जमा करना है। छात्र एक या अधिक विषय के लिए आवेदन कर सकता है। आवेदन करने की आखिरी तारीख 27 अगस्त है।
विद्यालय 29 तक भेजेंगे आवेदन
डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि अंक सुधार परीक्षा के लिए आवेदन भेजने से लेकर परीक्षा तक की प्रक्रिया तय है। छात्र को 27 अगस्त से आवेदन जमा करना है। जबकि विद्यालयों के प्रधानाचार्य आवेदन पत्रों की जांच करके बोर्ड की वेबसाइट पर 29 अगस्त तक अपलोड करेंगे। परीक्षा सितंबर में प्रस्तावित है।