यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटर की परीक्षाएं आज से
बिजनौर। यूपी बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू होंगी। जिले के 350 से अधिक विद्यालयों के 88 हजार से अधिक हाईस्कूल और इंटर के विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जबकि करीब 8000 अधिकारी व शिक्षक परीक्षा ड्यूटी में तैनात रहेंगे। प्रशासन ने परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली है। परीक्षा की तीन स्तरीय निगरानी की व्यवस्था है।
कोरोना के कारण 2021 की यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा नहीं हुई थी। विद्यार्थियों को तय फार्मूला पर अगली कक्षा में प्रमोट कर दिया गया था। इस साल भी कोरोना के कारण विद्यालय लंबे समय बंद रहे। स्थिति सामान्य होने पर विद्यालय पठन पाठन को खुले। जिले में यूपी बोर्ड के सबसे अधिक 387 माध्यमिक विद्यालय हैं। हाईस्कूल व इंटर के 88487 विद्यार्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। परीक्षा के लिए 131 केंद्र बने हैं। सभी केंद्र तकनीकी सुविधाओं से सुसज्जित हैं। केंद्र के हर परीक्षा कमरे में वायस रिकॉर्डिंग सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। परीक्षा की जिला, मंडल एवं राज्य स्तर से निगरानी की व्यवस्था है। कंट्रोल रूम बना दिए गए हैं, जिले को 19 सेक्टर व पांच जोन में बांटा गया है। 2021 की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा में 88195 विद्यार्थी पंजीकृत थे। जबकि 2022 की परीक्षा में हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा में 88487 विद्यार्थी पंजीकृत हैं।
ये है नकलविहीन परीक्षा के लिए इंतजाम
1- परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे चौबीस घंटे चालू रहेंगे।
2- उत्तर पुस्तिकाओं की हेराफेरी रोकने के लिए यूनीक आईडी नंबर अंकित।
3- पेपर लिफाफे कैमरे की निगरानी में खुलेंगे।
4- उत्तर पुस्तिकाओं का सीलिंग व पैकिंग कैमरों की निगरानी में होगी।
5- परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट रहेंगे तैनात।
6- तहसीलों के एसडीएम जोनल मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं।
7- पेपर व उत्तर पुस्तिकाओं डबल लाक में रखे गए।
8- जिला कंट्रोल रूम परीक्षा केंद्रों की मिनट टू मिनट रिपोर्टिंग करेगा।
9- सचल दलों का मूवमेंट लगातार रहेगा।
10- शासन ने जिले में निगरानी को नियुक्त किया है पर्यवेक्षक।
परीक्षा व्यवस्था एक नजर में
परीक्षा केंद्र -131
केंद्र व्यवस्थापक -131
अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक -131
सेक्टर मजिस्ट्रेट -19
जोनल मजिस्ट्रेट -05
स्टेटिक मजिस्ट्रेट -131
कक्ष निरीक्षक - 7500
सचल दल - 06
हाईस्कूल परीक्षार्थी - 46645
इंटर परीक्षार्थी - 41842