इस बार हाईस्कूल और इंटर के 85248 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
साल 2023 के सापेक्ष 3321 परीक्षार्थी कम हुए शामिल
शासन की नकलविहीन परीक्षा कराने की योजना सफल रही
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। यूपी बोर्ड की परीक्षा समाप्त हो गई। इस साल हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा 85,248 विद्यार्थियों ने दी। वर्ष 2024 परीक्षा में वर्ष 2023 की परीक्षा के मुकाबले 3321 परीक्षार्थी कम शामिल हुए। परीक्षा में कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। शासन की नकलविहीन परीक्षा कराने की योजना सफल रही।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा 22 फरवरी से शुरू होकर नौ मार्च तक चली। परीक्षा 12 कार्य दिवस में पूरी हुई। बोर्ड परीक्षा में जिले के हाईस्कूल के 49362 छात्र छात्राएं तथा इंटर के 39775 छात्र छात्राएं पंजीकृत थे। इस प्रकार दोनों में कुल 89137 छात्र छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें हाईस्कूल की परीक्षा 46980 छात्र छात्राओं ने दी। इंटर की परीक्षा 38268 छात्र छात्राओं ने दी। इस प्रकार हाईस्कूल व इंटर दोनों की परीक्षा 85248 छात्र छात्राओं ने दी। डीआईओएस रामाज्ञा कुमार ने शांतिपूर्ण और नकलविहीन परीक्षा के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।
परीक्षार्थियों की संख्या हुई कम
यूपी बोर्ड परीक्षा की हाईस्कूल व इंटर परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की संख्या पिछले साल के मुकाबले कम हुई है। वर्ष 2023 में 48569 परीक्षार्थी ने हाईस्कूल तथा 40000 परीक्षार्थी ने इंटर की परीक्षा दी। इस प्रकार हाईस्कूल व इंटर की मिलाकर 88569 परीक्षार्थी ने परीक्षा दी। वर्ष 2024 में हाईस्कूल के 46980 परीक्षार्थी तथा इंटर के 38268 परीक्षार्थी अर्थात दोनों के कुल 85248 परीक्षार्थी ने परीक्षा दी। इस प्रकार हाईस्कूल व इंटर की वर्ष 2024 की परीक्षा में हाईस्कूल व इंटर की वर्ष 2023 की परीक्षा के मुकाबले 3321 परीक्षा कम शामिल हुए हैं।
65 परीक्षार्थी अनुपस्थित
यूपी बोर्ड परीक्षा के आखिरी दिन पहली मीटिंग में हाईस्कूल उर्दू विषय में 2656 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 2551 परीक्षार्थी उपस्थित तथा पांच अनुपस्थित रहे। इंटर व्यवसायिक वर्ग में पंजीकृत 623 परीक्षार्थी में 594 उपस्थित तथा 29 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में इंटर संस्कृत, कृषि गणित व कृषि रसायन विज्ञान का पेपर में 596 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 565 उपस्थित और 31 अनुपस्थित रहे।