दुर्घटना में चाचा-भतीजे की मौत पर बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में शुक्रवार शाम बैराज मार्ग पर ट्रक ने चाचा भतीजे को कुचल दिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। चालक ट्रक को बैराज रोड पर छोड़कर भाग गया।
मंडावर थाने के गांव मानसापुर निवासी 36 वर्षीय धीरज पांच साल के बेटे अनिकेत को पीलिया की दवा दिलाने शुक्रवार शाम बिजनौर आया था। धीरज के साथ बाइक से उसका 15 साल का छोटा भाई आशे भी था। शाम करीब साढ़े सात बजे बाइक से तीनों मंडावर जाने की तैयारी कर रहे थे। बैराज मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास धीरज बाइक रोककर एक ठेले से सामान खरीदने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान बिजनौर की ओर से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे आशे व अनिकेत जमीन पर नीचे जा गिरे। धीरज भी घायल हो गया। लोगों ने शोर मचाया तो चालक बच्चों को ट्रक से रौंदता हुआ भाग निकला। आशे व अनिकेत की मौके पर ही मौत हो गई।
चालक बैराज मार्ग पर ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। घायल धीरज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धीरज मजदूरी करता है। चाचा-भतीजे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।