वाहन की चपेट में आकर दो युवकों की मौत
मंडावर। चंदक-मंडावर मार्ग पर गांव शहबाजपुर के पास किसी वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
हीमपुर थाना क्षेत्र के गांव चौकपुरी निवासी जयवेंद्र का पुत्र रिकांशू (21) व गजेंद्र का पुत्र वासु (20) दोनों तहेरे चचेरे भाई शनिवार की शाम बाइक से घर मंडावर जाने को कहकर निकले थे। मंडावर-चंदक मार्ग पर गांवशहबाजपुर के निकट डिग्री कालेज के सामने किसी वाहन की चपेट में आकर दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। दोनों में से कोई भी हेलमेट नहीं पहने था। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंडावर थाने के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार के मुताबिक दोनों मृतक शराब के नशे में थे। चंदक की ओर से बाइक से आते समय हादसे में दोनों की मौत हुई हैं। मृतकों के पास से शराब की बोतल भी मिली हैं।