दो युवकों ने की आत्महत्या : एक पेड़ पर फंदा लगाया, दूसरे ने खा लिया जहर
नूरपुर। झगड़े के बाद मेडिकल के लिए भेजे गए युवक ने जिला अस्पताल से निकलकर बैराज रोड पर पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके अलावा एक अन्य युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
नूरपुर थाने के गांव झीरन निवासी कल्लन की पुत्री रास्ते में भैंस नहला रही थी। वहां से गुजर रहे गांव के ही नीटू के ऊपर पानी के छींटे आ गईं। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। उस समय तो मामला शांत ही गया, लेकिन रात में नीटू कल्लन के घर में घुस गया और चाकू से हमलाकर कल्लन और उसकी पुत्री को घायल कर दिया। शोर सुनकर उसे पकड़ने का प्रयास कर रहे पड़ोसी बिजेंद्र व मुनेश को भी नीटू ने चाकू मारकर घायल कर दिया। बाद में ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। घायल नीटू को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया था।
शुक्रवार को नीटू किसी तरह जिला अस्पताल से निकल गया और बैराज रोड पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बिजनौर पुलिस द्वारा शव की पहचान न हो पाने पर पोस्टमार्टम के बाद जिला अस्पताल में रखवा दिया। शनिवार को परिजनों ने शव की शनाख्त नीटू के रूप में की। देर शाम गंगा बैराज पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस के अनुसार नीटू ने आत्मग्लानि के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। वहीं, मोहल्ला रामनगर निवासी विजय कुमार ने पारिवारिक कलह के चलते जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।