मालगाड़ी के दो पहिए पटरी से उतरे
नगीना। पुरैनी रेलवे स्टेशन पर शंटिंग के दौरान मालगाड़ी में लगे गार्ड के डिब्बे (ब्रेकवान) के दो पहिए पटरी से उतर जाने के कारण रेल विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पहुंची दुर्घटना राहत ट्रेन ने डिब्बे के पहियों को पटरी पर चढ़ाया।
पुरैनी रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक रोहिताश कुमार ने बताया कि पुरैनी रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी खड़ी हुई थी। इसमें 21 खाली डिब्बे थे। सोमवार की सुबह करीब 10 बजे एक मालगाड़ी 21 डिब्बों वाली इन ट्रेन को लेने मुरादाबाद दिशा से आई थी। शंटिंग के दौरान लूप लाइन पर ब्रेकवान के एक एक्सएल के दो पहिए करीब 11 बजे पटरी से उतर गए। उन्होंने बताया की गार्ड के डिब्बे को अलग कर मालगाड़ी को तत्काल रवाना कर दिया गया। दोपहर एक बजकर दस मिनट पर मुरादाबाद से आई दुर्घटना राहत ट्रेन ने कुछ देर में दोनों पहियों को पटरी पर चढ़ा दिया। इस दौरान रेल यातायात प्रभावित नहीं हुआ तथा किसी तरह का जान माल का नुकसान भी नहीं हुआ। गार्ड का डिब्बा अभी भी पुरैनी स्टेशन के लूप लाइन पर खड़ा हुआ है।