एक चिकित्सक के भरोसे दो पीएचसी
अफजलगढ़। पीएचसी कासमपुरगढ़ी चिकित्सकों की कमी से जूझ रहा है। एक ही चिकित्सक पर पीएचसी कासमपुरगढ़ी और नजीबाबाद पीएचसी का भी भार है। पीएचसी कासमपुरगढ़ी में स्थानांतरित हुए चिकित्सक ने एक सप्ताह से अधिक बीत जाने पर भी कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। चिकित्सक के न होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीएचसी कासमपुरगढ़ी में तैनात चिकित्सक प्रभारी सर्वेश निराला को नजीबाबाद पीएचसी का भी अतिरिक्त भार सौंप दिया गया है, जिस दिन वह नजीबाबाद जाते हैं, उस दिन कासमपुरगढ़ी पर चिकित्सक की कमी हो जाती है। पीएचसी कासमपुरगढ़ी में चिकित्सक की कमी को देखते हुए करीब एक सप्ताह पूर्व सीएमओ ने चिकित्सक विवेक गौतम का स्थानांतरण पीएचसी कासमपुरगढ़ी के लिए कर दिया। डॉ. विवेक गौतम ने अभी तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया। पीएचसी कासमपुरगढ़ी में अन्य कोई चिकित्सक न होने के कारण ओपीडी के मरीजों के अलावा सड़क दुर्घटना व आपातकाल में भी कोई चिकित्सक नहीं मिल पाता है। तेजपाल सिंह, रामवीर सिंह, विनोद, कृष्णपाल सिंह, वीर सिंह तथा दिनेश कुमार आदि क्षेत्रीय लोगों ने सीएमओ से सीएचसी अफजलगढ़ व पीएचसी कासमपुरगढ़ी पर शीघ्र चिकित्सकों की तैनाती कराये जाने की मांग की है। इस संबंध में सीएमओ विजय गोयल का कहना है कि विवेक गौतम का स्थानांतरण किन्हीं कारणों से कासमपुरगढ़ी नहीं हो पा रहा है। लखनऊ से चिकित्सक आने पर कासमपुरगढ़ी में चिकित्सक की तैनाती की जाएगी।