बिजनौर रोड पर ईदगाह के पास तेज रफ्तार ट्रक ने आगे जा रहे जुगाड़ में टक्कर मार दी। इस हादसे में जीजा-साले की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मरने वालों में इंद्रजीत (16) निवासी गांव पैजानिया और उसके बहनोई सागर (35) निवासी रुस्तमुपर, हल्दौर की मौत हो गई। गांव पैजानिया निवासी आदित्य, अजीत व राजकुमार घायल हुए हैं। इंद्रजीत जुगाड़ चलाकर सामान ढोने का काम करता है। सोमवार सुबह वह अपने बहनोई सागर के साथ पैजनियां से जुगाड़ में पुट्टी के कट्टे लादकर नूरपुर आ रहा था। जैसे ही वह नूरपुर से पहले ईदगाह के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जुगाड़ में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जुगाड़ के परखच्चे उड़ गए।
यह भी पढ़ें: निशाने पर अवैध संपत्तियां: अकबर बंजारा की मार्केट पर चला बुलडोजर, एमडीए ने 16 स्थानों पर की बड़ी कार्रवाई
वहीं इंद्रजीत के चाचा मगन सिंह की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। जीजा-साले की एक साथ हुई मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।