अफजलगढ़/हल्दौर। गांव सुआवाला निवासी अंग्रेज (37) पुत्र वीरा कई दिनों से बुखार की समस्या से पीड़ित चल रहा था। परिजनों ने उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान अंग्रेज की सोमवार की देर शाम मौत हो गई।
हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है। उधर आलमपुर गांवड़ी निवासी जयवीर पुत्र घसीटा सिंह दो सप्ताह से बुखार से पीड़ित था। परिजनों ने उसे जसपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया । परिजनों को आशंका है कि उसे डेंगू हो सकता है। जांच रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि के बाद उसे हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया। सीएचसी प्रभारी डा. राजीव चौहान ने मामला संज्ञान में होने से इंकार किया है।
वहीं हल्दौर के गांव छजुपुरा निवासी चांद मियां दिल्ली में काम करते है, उनकी पुत्री चांदनी 18 वर्ष भी उनके साथ रहती थी। करीब एक सप्ताह पूर्व उसे बुखार कर शिकायत हुई। परिजनों के अनुसार दो दिन बाद उसे दिल्ली में ही अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहां चिकित्सकों ने उसे डेंगू बताया। सोमवार को उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू की कोई पुष्टि नहीं की गई।