बिजनौर के ताजपुर क्षेत्र में बुखार से महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई है। क्षेत्र में करीब 45 दिन में कई मौत हो चुकी हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग बुखार होने वाली मौत को रोकने में नाकाम नजर आ रहा है। विभाग क्षेत्र में नियमित फॉगिंग व कीटनाशक छिड़काव भी नहीं करा रहा है। इससे जिले में लगातार बुखार से मरने वालों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। ं
ताजपुर के गांव रवाना निवासी खेरूनिशा (50) को करीब दस दिनों से बुखार था। वहीं गांव ताजपुर के धर्मवीर सिंह (80) को पिछले 15 दिनों से बुखार था। दोनों का इलाज ताजपुर के एक निजी चिकित्सक से चल रहा था, लेकिन सोमवार को ज्यादा तबीयत खराब होने के बाद दोनों की मौत हो गई है। क्षेत्र में अभी भी सैकड़ों ग्रामवासी बुखार व अन्य बीमारियों की चपेट में है। ग्रामवासियों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग क्षेत्र में नियमित फॉगिंग व कीटनाशक छिड़काव भी नहीं करा रहा है।