झिलमिला गांव में दो और कोरोना पाजिटिव मिले
कोतवाली देहात। गांव झिलमिला में दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिलने से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों को स्वाहेड़ी भेज दिया। गांव में करीब दस दिन पूर्व कोरोना पॉजिटिव महिला की मेरठ में उपचार के दौरान मौत के बाद से गांव पहले ही हॉटस्पॉट घोषित था। लेकिन दो मरीज और मिलने से हॉटस्पॉट की एरिया बढ़ाकर पांच सौ मीटर सील कर दिया गया है। परिवार के सदस्यों को होम क्वारंटाइन किया गया।
गांव झिलमिला निवासी एक महिला को लगभग दस दिन पूर्व नजीबाबाद के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया था। वहां पर उसका कोरोना सैंपल लिया गया था। गत 22 जुलाई को महिला की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। महिला की मौत के पश्चात जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मृतका के परिजनों ने गांव में लाने के बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया था।
उधर, शनिवार को कोरोना की आई रिपोर्ट में उसी गांव के दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। प्रभारी चिकित्साधिकारी कोतवाली प्रमोद कुमार ने कोरोना पॉजिटिव दोनों लोगों के घर में एकल शौचालय होने के कारण उन्हें एंबुलेंस से कोविड अस्पताल स्वाहेड़ी में उपचार के लिए भेज दिया है। दोनों के परिजनों को होम क्वारंटाइन कर दिया है। शनिवार को गांव में दो मरीज और मिले हैं। एडीओ पंचायत सुरेंद्र कुमार, सेक्रेटरी दिनेश व राजस्व और पुलिस विभाग की टीम ने मोहल्ले में पहुंचकर ढाई सौ मीटर के दायरे को बढ़ा कर पांच सौ मीटर को सील कर दिया। साथ ही गांव को सैनिटाइज भी कराया गया। संपर्क में आने वालों की तलाश की जा रही है।