चांदपुर। गांव चुखेड़ी निवासी मुकेश कुमार पुत्र मलखान सिंह का गन्ने का खेत मोजा शाहपुर में है। शुक्रवार को गन्ना काटने के दौरान गुलदार के दो शावक दिखाई दिए। शावक मिलने की सूचना से ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। गांव में मादा गुलदार होने की आशंका से दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम शावकों को अपने साथ ले आई। विभाग ने जंगल में एक पिंजरा व दो ट्रैप कैमरे लगा दिया है।
वन क्षेत्राधिकारी दुष्यंत सिंह ने बताया कि शावक की मां को पकड़ने के लिए पिंजरा व दो ट्रैप कैमरे लगा दिए गए हैं। उन्होंने किसानों से अपील है कि जंगल जाते समय सतर्क होकर ही जाएं। अकेले जंगल नहीं जाए। एक समूह बनाकर ही जंगल में जाए।