नूरपुर के गांव मिर्जापुर ढीकली में मरने वाली विवाहिता शिवांगी सैनी का फाइल फोटो।
नूरपुर। गांव मिर्जापुर ढीकली में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पड़ोसियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। घटना के बाद मृतका के ससुराल वाले घर पर नहीं मिले।
नहटौर थाना क्षेत्र के गांव मिलक निवासी शिवांगी सैनी (22) की शादी पिछले साल नौ जुलाई को क्षेत्र के गांव मिर्जापुर ढीकली निवासी शिवा सैनी पुत्र ब्रजपाल सैनी के साथ हुई थी। शनिवार को दंपती में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। जिस पर विवाहिता ने अपने साथ हुई मारपीट की सूचना मायके वालों को दी। मायके वाले मौके पर पहुंचे तो उन्हें शिवांगी मृत हालत में पड़ी मिली।
मृतका के भाई आकाश ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसकी बहन ने शिवा से प्रेम विवाह किया था। सीओ राजेश सौलंकी, प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने पुलिस बल के साथ मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।