नहटौर के गांव कमालपुर में कुए में गिरे गुलदार के शावक। स्रोत ग्रामीण
नहटौर। ग्राम कमालपुर में गांव निवासी बुद्ध सिंह के कुएं में मंगलवार रात गुलदार के दो शावक गिर गए। बुधवार सुबह गेहूं की कटाई करने पहुंचे उनके पुत्र पृथ्वी सिंह समेत परिजनों ने कुएं से आ रही आहट सुनी। झांककर देखा तो अंदर दो शावक दिखाई दिए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम ने दोनों शावकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। डिप्टी रेंजर हरदेव सिंह ने बताया कि शावकों को पास के खेत में छोड़ दिया गया है, ताकि वे अपनी मां तक पहुंच सकें। उन्होंने बताया कि शावकों के न मिलने पर मादा गुलदार के हिंसक होने की आशंका रहती है। एहतियातन क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और खेतों में अकेले न जाने की अपील की है।