जलालाबाद/नजीबाबाद (बिजनौर)। मेरठ पौड़ी नेशनल हाईवे पर जलालाबाद के पास शुक्रवार की सुबह आठ बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार मोहम्मद शमून (40) और कादिर (45) की मौत हो गई। दोनों सब्जी मंडी में पल्लेदारी करने के लिए घर से निकले थे। मृतकों के परिवार में गम का माहौल है।
गांव गाजीपुर निवासी मोहम्मद शमून पुत्र अनीस और फजलपुर हबीब निवासी कादिर पुत्र शफीक एक ही बाइक पर सवार होकर नजीबाबाद की कृषि उत्पादन मंडी समिति जाने के लिए घर से निकले। इनकी बाइक गांव के संपर्क मार्ग से फोरलेन हाईवे पर पहुंची, तभी बिजनौर की ओर से नजीबाबाद जा रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, पुलिस भी खबर लगते ही घटनास्थल पर पहुंची।
दोनों घायलों को नजीबाबाद के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इनकी मौत से परिवार में मातम छा गया। थाना प्रभारी अमित कुमार जलालाबाद चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार राठी ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। पुलिस ने कार चालक कुंभी चौड़ कोटद्वार निवासी सचिन को हिरासत में लेकर कार को भी कब्जे में ले लिया। कादिर के परिजनों ने घटना की तहरीर दीई। सीओ सुनील कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।