Bijnor News : बिजनौर में बुधवार शाम को हुए दर्दनाक हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों की मौत से परिवारों में कोहराम मचा है। बताया गया कि एक माह पहले ही आरिफ का निकाह हुआ था।
यूपी के बिजनौर जनपद में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। नगर के मोहल्ला काजीपाड़ा निवासी बाइक सवार दो दोस्त बाइक से कहीं जा रहे थे, इसी दौरान उनकी बाइक की कार से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों युवकों की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। वहीं, पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
बिजनौर कोतवाली नगर के मोहल्ला काजीपाड़ा रहीमिया स्कूल के पास रहने वाले आरिफ (21) पुत्र जमीर अपने दोस्त दीपक उर्फ भोला (22) पुत्र अशोक के साथ बुधवार को किसी काम से किरतपुर गया था। बुधवार शाम को बाइक से दोनों घर लौट रहे थे। देर शाम जैसे ही वे दोनों गांव झलरा के पास पहुंचे तो सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसके बाद डायल 112 ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, आरिफ कश्मीर में सैलून चलाता था। एक सप्ताह पहले ही अपने घर आया था। जबकि दीपक कश्मीर के एक होटल में काम करता था।
कोतवाली नगर की पेदा चौकी इंचार्ज सुनील कुमार ने बताया कि किरतपुर मार्ग पर कार की टक्कर से दो युवकों की मौत हुई है। दोनों युवकों के शव मोर्चरी में रखवा दिए हैं। गलत साइड बाइक चलाने पर हादसा हुआ है।
एक माह पहले हुआ था आरिफ का निकाह
परिजनों ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले ही आरिफ का निकाह नजीबाबाद के पास एक गांव की रहने वाली युवती से हुआ था। सड़क हादसे में आरिफ की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।