गोशाला की गायों को ले जाने, जमीन पर कब्जा करने का आरोप
धामपुर। स्योहारा थाने के गांव अमीनाबाद स्थित गौशाला के महाराज बाबा योगी प्रेमनाथ ने गौ सेवकों के साथ धामपुर तहसील में प्रदर्शन किया। एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि गोशाला में 310 गायें थीं। लेकिन कुछ लोगों ने गायों को वहां से हटा दिया और भूमि पर कब्जा कर उस पर आलू की खेती की जा रही है। उन्होंने गायों का पता कराकर कब्जा हटवाने की मांग की।
योगी प्रेमनाथ के नेतृत्व में ग्रामीण तहसील में एकत्र हुए और प्रदर्शन कर एसडीएम विजय वर्धन तोमर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि वह गांव अमीनाबाद में स्थित गौशाला के संचालक है। गौशाला में 310 गायें पल रहीं थीं। दो माह पहले उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था। वह अस्पताल में उपचाराधीन थे, तो इस दौरान गांव के पूर्व प्रधान कुछ लोगों के साथ गोसेवकों पर हल्ला बोल कर सभी गायों को ले गए। जमीन पर कब्जा कर आलू की खेती करनी शुरू कर दी। गौशाला में निर्माण को करीब 24 हजार ईटें रखी थी। वह भी आरोपी उठा कर ले गए। उन्होंने घटना के बारे में स्योहारा पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने इस बाबत हिंदू संगठनों के नेताओं के साथ मीटिंग भी की। लेकिन आरोपियों पर आज तक कार्रवाई नहीं की।
बाबा ने चेताया कि एसडीएम ने जल्द ही उनकी समस्या का निदान नहीं किया तो वह एक सप्ताह के बाद उनके कार्यालय पर अनशन शुरू कर देंगे। ज्ञापन देने वालों में ओमराज सिंह, सुभाष सिंह, गजराज सिंह, शीशपाल सिंह, सुरेश, प्रशांत, विक्रम, रामकुमार, बलदेव सिंह आदि रहे। एसडीएम ने मामले की जांच कर कार्रवाई कराने का भरोसा दिया है।