बिजनौर में एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर ट्रक के नीचे घुसने व एक बाइक सवार की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे से मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक युवक का सोमवार को रिश्ता भी होना था।
थाना बढ़ापुर के गांव जमरावाला निवासी बिट्टू (25) बाइक से रविवार की रात करीब डेढ़ बजे हरिद्वार से अपने घर आ रहा था। नगीना क्षेत्र में पड़ने वाले मछेड़ा रेलवे फाटक पर वह ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वह हरिद्वार में काम करता था, सोमवार को उसका रिश्ता था, इसलिए वह घर आ रहा था। उन्होंने बताया कि वह रेलवे फाटक बंद होने पर बूम के नीचे से बाइक निकाल रहा था कि अचानक ट्रेन आने पर उसकी चपेट में आ गया। वहीं हल्दौर के गांव पावटी निवासी मोहन सिंह (45) बाइक से सोमवार की सुबह छह बजे कोतवाली शहर के गांव सालमाबाद निवासी अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। गांव बल्दियां के पास वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े भूसे से भरे ट्रक के नीचे घुस गए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं रेहड़ में धामपुर थाने के गांव बमनौली निवासी जितेंद्र कुमार ने बताया कि वह क्षेत्र के गांव वादीगढ़ में अपने सात वर्षीय पुत्र अंश के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। इस दौरान जब उसका पुत्र घर से बाहर खेल रहा था तो वाहन उसको टक्कर मार कर फरार हो गया। जिससे उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पुत्र को पहले सरकारी अस्पताल में उपचार को भर्ती कराया। बाद डाक्टरों के परामर्श पर चिंताजनक हालत में पुत्र को उपचार को जसपुर ले जाया गया है।