बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बिजनौर में रहेंगे। ऐसे में मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर करीब ढाई हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। कार्यक्रम को लेकर शहर में रूट डायवर्जन लागू रहेगा। अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी भी सुरक्षा ड्यूटी में लगाए गए हैं।
बृहस्पतिवार शाम पुलिस लाइन में डीएम जसजीत कौर और एसपी अभिषेक झा ने अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को समय से अपने ड्यूटी स्थान पर पहुंचने के निर्देश दिए। हर संदिग्ध व्यक्ति पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है। प्रतिबंधित मार्ग पर किसी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश न देने के निर्देश भी दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था जांचने के लिए पुलिस महानिरीक्षक मुनीराज जी. ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर जानकारी ली।
जनसभा को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। नगीना के चक्कर रोड से सेंट मैरी तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। रेलवे फाटक से सीधे जनसभा स्थल तक जाने की अनुमति रहेगी। नजीबाबाद, नगीना और चांदपुर से आने वाले वाहनों को बाईपास से भेजा जाएगा। ये वाहन सीधे मंडावर और बैराज रोड से शहर में प्रवेश करेंगे। वहीं, सेंट मैरी चौराहे से शास्त्री चौराहे तक सभी तरह के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस मार्ग पर केवल वीवीआईपी और वीआईपी वाहनों को ही आने-जाने की अनुमति होगी।
मुख्यमंत्री भी इसी मार्ग से जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। इसलिए इस मार्ग पर अन्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।