किसानों की मांगों को पूरा करने का दिया भरोसा
बिजनौर, धामपुर। कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने मंगलवार को जनता की समस्याओं का निदान कराने की मांग को लेकर 12 सूत्री ज्ञापन एसडीएम धीरेंद्र सिंह को सौंपा है। एसडीएम ने उनकी मांगों को पूरा कराने का भरोसा दिया है।
कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्य सिंह, ब्लाक अध्यक्ष उदयराज सिंह, वसीउर्रहमान, नसीम, शेरअली, साबिर, जहांगीर जैदी, अजमत अली, नसीम अंसारी के नेतृत्व में तहसील पहुंचे। सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर एसडीएम धीरेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने किसानों को गन्ने का मूल्य 14 दिन के भीतर भुगतान कराने, गन्ने का दाम 400 रुपये प्रति क्विंटल दिलाने, गेहूं और धान की नई प्रजातियां निशुल्क किसानों को उपलब्ध कराने, किसानों को वन्य जीवों के खतरों से निजात दिलाने, डीजल, पेट्रोल के दामों को नियंत्रित करने, कृषि कर्ज माफी का सभी किसानों को लाभ दिलाने, बंद नहरों को चालू कराने, उर्वरकों पर किसानों को सब्सिडी दिलाने, आवारा घूम रहे गौवंश को पकड़ कर गौशालाओं में छुड़वाने, बारिश ओलावृष्टि से नुकसान की किसानों की फसलों की क्षतिपूर्ति कराने की मांग की है।