मुंह पर कपड़ा बांधकर आए थे उपद्रवी
बिजनौर। उपद्रवी शहर में तांडव मचाने के लिए पूरी तैयारी के साथ आए थे। उनकी पहचान न हो पाए तमाम उपद्रवियों ने अपने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। उपद्रवियों में सभी युवा थे जो किसी के कहने से नहीं रुक रहे थे।
उपद्रवियों के तेवर देखकर ऐसा लग रहा था कि पहले ही उपद्रव की पूरी तैयारी कर ली हो। अपनी पहचान छुपाने को उपद्रवियों ने अपने मुंह पर कपड़ा लपेट रखा था। कुछ ने हाथों में तिरंगे भी ले रखे थे। जामा मस्जिद पर कुछ युवक तिरंगा अपने हाथ में लिए थे। जबकि कुछ युवकों ने जामा मस्जिद के गुंबद पर विरोध के तौर पर काले झंडे लगाए और काले गुब्बारे भी उड़ाए। कुछ उपद्रवियों ने अपने मुंह पर कपड़ा बांधा तो कुछ ने मास्क लगा रखा था। जुलूस में उपद्रवी शामिल होकर नारेबाजी कर रहे थे। यह देखकर दुकानकार सड़कों पर ही आए। लेकिन जैसे ही दुकानदारों ने देखा कि उपद्रवी तोड़फोड़ एवं दुकानों पर पत्थर बरसाते आ रहे हैं, दुकानदार पीछे हट गए और दुकानें बंद कर गलियों में भाग गए। देखते ही देखते शहर का सारा बाजार बंद हो गया। गली मोहल्लों की दुकानें तक बंद हो गईं। बताया जा रहा है कि सभी उपद्रवी किशोर एवं युवा थे।