कोतवाली देहात। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ब्यूटी पार्लर संचालिका युवती ने गांव के ही युवक द्वारा छेड़छाड़ से तंग आकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी पुत्री गांव में ही ब्यूटी पार्लर का संचालन करती है। आरोप है कि गांव का ही रहने वाला बिट्टू काफी दिनों से उसकी पुत्री को परेशान कर रहा था। 18 मई को आरोपी उसकी पुत्री के ब्यूटी पार्लर पर आया और युवती के साथ बदतमीजी करने लगा। आरोप है कि युवक ने युवती को गाड़ी में बैठने के लिए कहा। इस पर युवती ने मना कर दिया।
महिला का आरोप है कि बिट्टूू ने गाड़ी में नहीं बैठने पर उसकी पुत्री के साथ मारपीट की तथा उसके भाई को भी जान से मारने की धमकी दी। युवक की आए दिन की छेड़छाड़ से परेशान होकर युवती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सीओ नगीना राजेश कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।