जलालाबाद क्षेत्र के आजाद चौक पर लगा जाम।
- फोटो : NAZIBABAD
रेलवे क्रासिंग पर गिरा पेड़, हाईवे यातायात बाधित
नजीबाबाद/जलालाबाद (बिजनौर)। समीपुर रेलवे क्रासिंग पर यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से मेरठ-पौड़ी हाईवे पर करीब तीन घंटे तक आवागमन ठप रहा। उधर, जलालाबाद के आजाद चौक पर जलभराव और आरबीएम डालने के कार्य के चलते रुक-रुक कर दिनभर जाम की स्थिति बनती रही।
नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग पर समीपुर रेलवे क्रासिंग पर शनिवार रात तेज हवा और बारिश के बीच यूकेलिप्टस का पेड़ गिर गया। कोटद्वार ब्रांच रेलवे की विद्युत लाइन पर पेड़ गिरते ही टीआरडी विभाग की टीम रेल अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। रेलवे क्रासिंग से हालांकि शनिवार रात्रि में किसी ट्रेन का संचालन नहीं था, लेकिन पेड़ गिरने से क्रासिंग से निकलने वाला मेरठ-पौड़ी मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सीनियर सेक्शन इंजीनियर धर्मेश कुमार, एसएससी टीआरडी राजेश कुमार ने करीब तीन घंटे बाद रेलवे ने क्रासिंग से पेड़ हटवाकर विद्युत लाइन ठीक करने के बाद यातायात सुचारुकराया। इस दौरान क्रासिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
उधर, जलालाबाद फ्लाईओवर के निकट आजाद चौक पर जलभराव क्षेत्र से वाहनों के निकलने में परेशानी के चलते रुक-रुक कर जाम लगता रहा, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु कराया।