परिवहन निगम ने डिपो के मांगी तीन एकड़ जमीन
धामपुर। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के अनुबंधित बस डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एलके त्रिवेदी ने आरएसएम कॉलेज के प्रबंधक को पत्र भेजा है। जिसमें मुरादाबाद मार्ग पर आरएसएम कॉलेज के करीब पौने तीन सौ बीघा के कृषि फार्म में से तीन एकड़ जमीन डिपो के लिए उपलब्ध कराने की सिफारिश की है।
धामपुर डिपो के एआरएम ने बताया कि प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री अशोक कटारिया के आदेश पर उनके द्वारा 13 सितंबर को रोडवेज बस डिपो बनाने के लिए आरएसएम कॉलेज के प्रबंधक रामनारायण सिंह को पत्र भेजा गया है। पत्र में तीन एकड़ जमीन को डिपो के लिए उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। निगम के अधिकारियों की मंशा है कि धामपुर को कुछ नया तोहफे के रूप में दिया जाए। जिसे नगर क्षेत्र की जनता लंबे समय तक याद रखे। उनके द्वार अब तक कई स्थानों पर जमीन को तलाशने का प्रयास किया गया। लेकिन सफलता नहीं मिल सकी है। यदि मुरादाबाद मार्ग पर आरएसएम कॉलेज के प्रबंधक ने कॉलेज की प्रबंधकीय कार्यकारिणी से प्रस्ताव पास कर जमीन को उपलब्ध करा दिया डिपो बन सकता है।
जमीन उपलब्ध कराना कार्यकारिणी के हाथ में नहीं: कॉलेज प्रबंधक
कॉलेज के प्रबंधक राम नारायण सिंह का कहना है कि निगम की ओर से जमीन को उपलब्ध कराने का अनुरोध पत्र प्राप्त हुआ है। लेकिन नियम अनुसार कॉलेज कमेटी सीधे रोडवेज निगम को जमीन उपलब्ध नहीं करा सकती है। धामपुर का यह कॉलेज विवि. बरेली में कृषि संकाय में इकलौता वित्तपोषित कॉलेज है। महाविद्यालय विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार व कुलाधिपति/गर्वनर के अधीन होते हैं। रजिस्ट्रार के अनुमोदन पर ही कुलाधिपति स्तर से स्वीकृति होती है।