शहर को जाम से बचाने के लिए किया यातायात परिवर्तन
बिजनौर। भाईदूज पर शहर में जाम की आशंका को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया। सिविल लाइन और सदर बाजार में ई-रिक्शा और कार की नो एंट्री रही। शहर में बसों को भी सिर्फ चक्कर रोड से बैराज रोड होते हुए अंदर आने दिया गया।
शनिवार को सुबह से ही सिविल लाइन में शक्ति चौराहे के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगा दी थी। शक्ति चौराहे से सिविल लाइन की तरफ ई-रिक्शा और कारों को अंदर जाने नहीं दिया गया। सिर्फ बाइक सवारों और पैदल लोगों को जाने दिया गया। ई-रिक्शा और कारों को शक्ति चौक से जजी चौराहा होते हुए सिविल लाइन द्वितीय से निकाला गया। सिविल लाइन द्वितीय से रोडवेज बस स्टैंड के पास भी बैरिकेडिंग लगाई गई। जहां से नगर पालिका चौराहे और डाकघर चौराहे की तरफ ई-रिक्शा और कार को नहीं जाने दिया गया।
- भारी वाहनों का भी बदला मार्ग
नूरपुर, नहटौर, चांदपुर से आने वाली बसों को सीधे शहर में एंट्री नहीं मिली। इन्हें चक्कर रोड से निकलकर बैराज रोड से होते हुए शहर में आने दिया गया। बसों को कई किलोमीटर दूरी ज्यादा तय करनी पड़ी। हालांकि शहर से बाहर जाने वाली बसें अपने पुराने मार्गों से ही बाहर निकलीं।