बिजनौर के अफजलगढ़ में साप्ताहिक बाजार में फैले अतिक्रमण को लेकर सीओ और व्यापारी आमने सामने आ गए। पुलिस ने बाजार में अतिक्रमण करने के आरोप में एक व्यापारी को पकड़ ले गई।
इससे व्यापारियों में रोष फैल गया। व्यापारियों ने सीओ पर उत्पीड़नात्मक कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए बाजार बंद कर कोतवाली में विरोध प्रदर्शन किया। मामले बढ़ता देख सीओ ने व्यापारी को छोड़ दिया।
सब्जी मंडी में सोमवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। बाहर के व्यापारी बाजार में फड़ लगाकर सामान बेचते हैं। देर शाम सीओ अपनी गाड़ी में बाजार से होकर गुजर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने रास्ते में फड़ लगाने वाले व्यापारियों को फटकार लगा दी। एक व्यापारी सीओ से अभद्रता पर उतर आया।
सीओ व्यापारी को गाड़ी में बैठाकर कोतवाली में ले आए।
आक्रोशित व्यापारी देकर शाम ही बाजार बंद कर कोतवाली में डट गए। व्यापारियों ने सीओ के खिलाफ प्रदर्शन कर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। व्यापारियों का कहना है कि सप्ताह में एक ही दिन ज्यादा भीड़ रहती है।
दूरदराज से जनता खरीदारी करने के लिए आती है। कुछ व्यापारी भी बाहर से सामान बेचने के लिए आते हैं। बाजार में जगह की भी कमी है। इन परिस्थितियों में अतिक्रमण होना लाजिमी है।
पुलिस की मनमानी के विरोध में व्यापारियों ने मंगलवार को भी बाजार बंद रखा। व्यापारियों के रुख देख सीओ ने गिरफ्तार किए व्यापारी को छोड़ दिया। इसके बाद बाजार खुलवाया गया।
विरोध करने वालों में चेयरमैन जावेद विकार, जाहिद अली, इरफान, रिजवान वफा, शेख इमरान, वकील सलमानी, शाहिद, खुर्शीद अंसारी, उस्मान, अब्दुल बारी, वेदप्रकाश, त्रिलोक, गगन, डॉ. रामपाल, सीताराम आदि उपस्थित रहे।