महावतपुर में सडक दुर्घटना में विलाप करते मृतक के परिजन।
- फोटो : DHAMPUR
अफजलगढ़। गांव महावतपुर के निकट ट्रक की टक्कर से 40 वर्षीय ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। आरोपी चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना स्योहारा के बुढ़नपुर रसीदपुर निवासी भाई जयप्रकाश ने बताया कि उनके चाचा का लड़का शेर सिंह 40 वर्ष पुत्र बिहारी सिंह बुधवार की सवेरे घर से ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर पुआल लेने के लिए काशीपुर जा रहा था। स्योहारा-सुआंवाला मार्ग पर अफजलगढ़ कोतवाली के गांव महावतपुर के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उसकी ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक शेर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव कब्जे में ले लिया। हादसे का पता लगाते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। उधर, घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक को छोड़ कर फरार हो गया। कोतवाल आशुतोष कुमार ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। जांच कर ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई होगी।