काशीपुर-हरिद्वार फोरलेन पर भागूवाला में बनाया जा रहा टोल प्लाजा। (संवाद)
बिजनौर/नजीबाबाद। काशीपुर-हरिद्वार फोरलेन मार्ग का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। नजीबाबाद से हरिद्वार के बीच भागूवाला में टोल प्लाजा का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। जल्द ही भागूवाला में टोल टैक्स वसूला जाएगा।
करीब 2200 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे काशीपुर-हरिद्वार फोरलेन के निर्माण कार्य ने नजीबाबाद क्षेत्र में तेजी पकड़ी है। चिड़ियापुर क्षेत्र में फोरलेन का निर्माण कार्य जोरों पर है। नजीबाबाद तहसील क्षेत्र में सरवनपुर, मंडावली और भागूवाला में रुके हुए पुल निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। पुल बनने और फोरलेन निर्माण कार्य पूरा होने से राहगीरों की आवागमन संबंधी परेशानियां दूर हो जाएंगी।
फोरलेन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंचने पर नजीबाबाद और हरिद्वार के बीच भागूवाला में टोल प्लाजा निर्माण कार्य भी पूरा कराया जा रहा है। टोल प्लाजा का 50 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो गया है। जल्द ही भागूवाला में चारपहिया वाहनों से टैक्स वसूला जाएगा।
- वन्य जीव गलियारों के निर्माण कार्य में आई तेजी
नजीबाबाद। काशीपुर-हरिद्वार फोरलेन पर वन्य जीव गलियारों के निर्माण ने तेजी पकड़ ली है। वन इलाके में हाथी और अन्य जीवों की आवाजाही के लिए फोरलेन हाईवे पर सात अंडरपास बनाए जाने हैं, जिनमें चार एलिफेंट अंडरपास हैं। वन्य जीव गलियारों का करीब 55 फीसदी निर्माण हो चुका है।