वन में सूखी झाड़ियों के बीच छिपी बाघिन।
- फोटो : अमर उजाला
कालागढ़ में रामगंगा बांध के बस यार्ड के निकट बाघिन के दिखने से लोगों में दहशत का आलम है। उप प्रभागीय वनाधिकारी आरके तिवारी के मुताबिक गश्त तेज की जा रही है। रामगंगा बांध क्षेत्र में एक बाघिन अपने दो बच्चों के साथ रामगंगा बांध के बस यार्ड के निकट एक सप्ताह से नजर आ रही है, जिससे लोग काफी सहमे हुए हैं। बुधवार को सायं साढ़े पांच बजे यह बाघिन आकर तिराहे के निकट बैठ गई। वहां से गुजर रहे मुकेश, संजय सिंह, राजेश कुमार आदि घबरा गए। काफी देर तक रामगंगा बांध को जाने वाले रास्ते पर आवागमन बंद रहा। नागरिकों का कहना है कि बस यार्ड के सामने से सैंडिल बांध, रामगंगा बांध, स्टील ब्रिज, अफजलगढ़ बैराज को रास्ते जाते हैं। वहीं, इन स्थानों से आने वाले पुराना कालागढ़ व नई कॉलोनी को आते जाते है। दिन रात यह मार्ग आवागमन का है। उधर, वन विभाग के अधिकारी ने गश्त तेज करने की बात कही है। साथ ही बाघिन व उसके बच्चों से दूर रहने की हिदायत दी है।
बाघिन ने बाइकर्स पर हमला बोला
कालागढ़ । कार्बेट वन्यजीव प्रशिक्षण केंद्र के निकट बाघिन ने बाइक सवार पर हमला बोल दिया। एहतियात के तौर पर इस मार्ग पर आवागमन को बंद कर दिया गया है। पुराने कालागढ़ निवासी ताहिर, सोनू व कोमल बाइक से नई कॉलोनी बुध बाजार जा रहे थे। बुधवार सायंकाल लगभग सात बजे कार्बेट वन्यजीव प्रशिक्षण केंद्र के निकट पहले से छिपी बैठी बाघिन ने बाइक पर दो बार हमला बोला। किसी तरह जान बचाकर भागे बाइक सवार बाघिन की पकड़ से बच गए। सूचना मिलते ही रेंज अधिकारी आरके भट्ट व थानाध्यक्ष विवेक राठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मार्ग पर आवागमन बंद कर दिया गया है। बाघिन के इस तरह से मार्ग पर आ जाने से आस पास के नागरिकों में अफरातफरी मची हुई है। रेंजर के अनुसार हमला करने वाले जानवर का पता लगाया जा रहा है।