रहें हाथों में हाथ जलीलपुर क्षेत्र में सड़क पर बहते गंगा के पानी को पार करते युवक एक दूसरे का स
जलीलपुर । गंगा में उफान के चलते पानी पांडवनगर पुलिस चौकी के निकट हाईवे पर बह रहा है। पानी के तेज बहाव के चलते हाईवे पर आवागमन बंद कर दिया गया है। गांव रायपुर खादर के चारों तरफ पानी बहने से गांव के हालात टापू जैसे हो गए हैं। गांव मीरापुर सीकरी व जलालपुर खादर की आबादी भी पानी से घिरी है।
शुक्रवार को स्टेट हाईवे बहसूमा-ठाकुरद्वारा पर गंगा का पानी बहने से सुरक्षा कारणों से आवागमन बंद कर दिया गया है। सड़क पर पानी बहता देख वाहन चालक निराश होकर वापस जा रहे हैं। गांव रायपुर खादर का संपर्क चारों तरफ से कट गया है। गांव से बाहर आने जाने के लिए मात्र ट्रैक्टर ही एक मात्र सहारा है। मीरापुर सीकरी के रास्तों पर भी गंगा का पानी बह रहा है। बरसात का मौसम आते ही गांव वासियों की मुश्किलें शुरू हो गईं हैं। बहसूमा-ठाकुरद्वारा मार्ग पर आवागमन बंद होने से उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सैकड़ों वाहन चालकों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। आवागमन बंद होने से मेरठ की दूरी 55 किलोमीटर से बढ़कर वाया बिजनौर बैराज 120 किलोमीटर हो गई है। गांव नारनौर व पांडवनगर पुलिस चौकी के बीच सड़क पर करीब दो फीट से अधिक ऊंचाई तक पानी बह रहा है। गांव दत्तियाना, मुजफ्फरपुर खादर व सुजातपुर खादर आदि के गांववासियों को ब्लॉक, थाना, तहसील, जिला मुख्यालय या अन्य कहीं भी आवाजाही के लिए इसी सड़क से आवागमन करना होता है। गांववासी ट्रैक्टर-ट्राॅली पर बाइक लादकर पानी को पार करने को मजबूर हैं।