जिले में तीन और मिले कोरोना संक्रमित
बिजनौर। नगीना तहसील क्षेत्र के गांव पखनपुर में तीन लोगों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। नए मरीजों में एक दंपती और चार साल की बच्ची भी शामिल है। इनमें से पति पत्नी इस गांव के पूर्व में संक्रमित निकले मरीज के संपर्क में आने से संक्रमित हुए बताए गए हैं।
जिले में आए दिन कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव के अनुसार जिले में अब तक कुल 103 लोग कोरोना संक्रमित निकल चुके हैं। हालांकि इनमें से 60 लोगों ने कोरोना से छुटकारा पाया है, जबकि दो लोग कोरोना की जंग से हार गए हैं। वर्तमान में एक्टिव पॉजिटिव केस की संख्या 41 पर पहुंच गई है। सीएमओ ने बताया कि तीनों नए मरीज नगीना के एलआरएस डिग्री कॉलेज में 25 मई से क्वारंटीन थे। इनमें से पति पत्नी पूर्व में संक्रमित निकले गांव के ही मरीज के संपर्क में आए थे। जबकि चार साल की बच्ची किसी अन्य मरीज के संपर्क में आई थी। इससे पूर्व भी गांव में एक मरीज पॉजिटिव निकल चुका है। वर्तमान में यह गांव हॉटस्पॉट इलाका होने के कारण सील है।