नूरपुर के ग्राम मुजाहिदपुर में कोरोना संक्रमित के घर नोटिस चस्पा करती पुलिस।
- फोटो : BIJNOR
गांव मुजाहिदपुर का व्यक्ति कोरोना संक्रमित
नूरपुर। क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर निवासी एक व्यक्ति के कोरोना पॉजीटिव होने की पुष्टि हुई है। उक्त व्यक्ति चार दिन से मुरादाबाद में भर्ती था और वहीं से जांच के लिए सैंपल भेजा गया था। रविवार रात आई रिपोर्ट में उसके कोरोना पॉजीटिव होने की पुष्टि के बाद परिजनों को होम क्वारंटीन किया गया है। साथ ही गांव को सील कर दिया गया है।
कोरोना संक्रमण का ग्राफ नूरपुर में लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को जहां नूरपुर में एक ही परिवार के चार लोगों के कोरोना की चपेट में आने की पुष्टि हुई थी, वहीं सोमवार को ताजपुर के पास गांव मुजाहिदपुर निवासी एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस व्यक्ति को चार दिन पहले खांसी, बुखार के साथ गले में परेशानी होने पर निजी चिकित्सक ने उन्हें मुरादाबाद जाकर उपचार कराने की सलाह दी थी। मुरादाबाद में निजी चिकित्सक ने उसे कोरोना संक्रमण की जांच कराने के लिए कोविड अस्पताल भेज दिया। इसके बाद उसे वहां भर्ती कर जांच के लिए सैंपल भेजा गया था। रविवार शाम आई जांच रिपोर्ट में उसके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई। गांव में कोरोना का मरीज मिलने के बाद ग्रामवासियों में भय व्याप्त है। सोमवार को उसके घर पहुंची पुलिस ने परिजनों को होम क्वारंटीन होने का नोटिस दिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी अजय गंधर्व ने मुजाहिदपुर निवासी व्यक्ति के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि करते हुए बताया कि उनके परिजनों को होम क्वारंटाइन किया गया है। सभी का सैंपल लेकर जांच को भी भेजा जाएगा। गांव में हॉटस्पॉट बनाते हुए उक्त इलाके को सील कर दिया गया है।