स्योहारा (बिजनौर)। तीन दिन पूर्व महिला से लूट करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इनमें से दो के पैर में गोली लगी है। उनका चौथ साथी भाग निकला।
बृहस्पतिवार शाम पांच बजे स्योहारा के गांव गल्लाखेड़ी के पास बाइक सवार चार बदमाशों ने गीता देवी पत्नी प्रेमनाथ को रोककर उसके कानों के कुंडल व मोबाइल फोन लूट लिया था। शनिवार की रात मुरादाबाद रोड स्थित बगवाड़ा की नहर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार चार युवकों को रोका तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों की पहचान नदीम (23) निवासी ग्राम पैगमपुर मुरादाबाद व तहसीर उर्फ नूर निवासी ग्राम सांगपुर थाना सैफनी जिला रामपुर के रूप में हुई। उनके साथ पुलिस ने तीसरे बदमाश फरीद निवासी ग्राम काजीपुरा सिविल लाइन मुरादाबाद को भी गिरफ्तार कर लिया। उनका चौथा साथी भाग निकला। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने तीन दिन पूर्व लूट करना स्वीकार किया है। सीओ सर्वम सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।