सड़क हादसों में दो बच्चों सहित तीन की मौत
झालू/मंडावली (बिजनौर)। गांव खारी में दो बाइकों की टक्कर में दो बच्चों की मौत हो गई। जबकि दो युवक और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, मंडावली क्षेत्र में एनएच-74 पर ग्राम करौली के निकट एक बाइक और कार की टक्कर में बाइक चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है।
बुधवार शाम चंद्रपाल बाइक से तीन बच्चों को लेकर गांव डल्लू धनौरा से बिजनौर जा रहा था। रास्ते में गांव खारी में ट्रैक्टर को ओवरटेक करते हुए सामने से आ रहे बधावा निवासी अंकित की बाइक से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बासु कटारिया (5 वर्ष) और (दामनी 8 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। जबकि एक बालक और दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंच पुलिस ने शव व घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया।
वहीं, मंडावली थाना क्षेत्र के गांव भागूवाला निवासी हेमेंद्र कुमार पुत्र बाबूराम (28 वर्ष) बाइक से भागूवाला से मंडावली जा रहा था। उसी दौरान सामने से आ रही कार से उसकी बाइक टकरा गई। बाइक चालक हेमेंद्र कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची मंडावली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेजा। कार चालक को हिरासत में ले लिया है।