किरतपुर-बिजनाैर। वाहन में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी मन्नान निवासी मोहल्ला लुकमानपुरा को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, 10 मार्च को एक व्यक्ति ने थाना किरतपुर में तहरीर देकर बताया था कि चार मार्च को उसकी गाड़ी में किसी व्यक्ति ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने 12 मार्च को अबुजर शमीम राईन निवासी मोहल्ला अफगनान को घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर किया था। इसके बाद 20 मार्च को जैद निवासी लुकमानपुरा को भी गिरफ्तार किया गया।
रविवार को पुलिस ने तीसरे आरोपी मन्नान निवासी मोहल्ला लुकमानपुरा को भी एक मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पेंटर का काम करता है और अपने साथी जैद के संपर्क में था। जैद ने उसे टेलीग्राम एप के एक ग्रुप से जोड़ा था, जिसमें कई लोग जुड़े हुए थे। इस ग्रुप में भड़काऊ वीडियो और संदेश साझा किए जाते थे तथा लोगों को आगजनी जैसी घटनाओं के लिए उकसाया जाता था। इतना ही नहीं, वाहनों में आग लगाने पर रुपये देने का लालच भी दिया जाता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसके साथी द्वारा किरतपुर में एक पिकअप वाहन में आग लगाई गई थी और वह स्वयं भी इस तरह की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था।
पुलिस का कहना है कि मामले में अभी और जांच की जा रही है तथा अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस की जांच में सामने आया कि उक्त टेलीग्राम ग्रुप में पांच लोग जुड़े हुए थे जिसमें एक कश्मीर और दूसरा राजस्थान का रहने वाला है। राजस्थान और कश्मीर के रहने वाले दोनों आरोपियों की पुलिस तलाश में लगी है। इसके साथ ही इस टेलीग्राम ग्रुप के पाकिस्तानी कनेक्शन को लेकर भी जांच की जा रही है। अब पकड़े गए तीसरा आरोपी का मोबाइल फोन पुलिस ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला में भेज दिया है ताकि डिलीट किए गए डाटा को रिकवर किया जा सके।