बिजनौर में गुरुवार की देर रात से हो रही झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। वहीं लगातार हो रही बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया और शहर में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए। आवास विकास और कुटिया सहित कई कॉलोनियों में घरों तक पानी भर गया। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
शहर में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही थी। रोजाना ही सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल जारी था, लेकिन बारिश नहीं हो रही थी। इसलिए गर्मी से सभी लोग परेशान थे। वहीं गुरुवार की देर रात शहर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। शुक्रवार सुबह भी शहर में अच्छी बारिश हुई। बारिश होने से जहां गर्मी से राहत मिली है तो वहीं मौसम भी सुहाना हो गया।
बता दें कि जिला मुख्यालय स्थित दिल्ली-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग, कुटिया कॉलोनी, आवास कॉलोनी सहित कई जगह सड़कों के साथ-साथ घरों में पानी भर गया। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं बारिश ने एक बार फिर से नगर पालिका की निकासी के दावों की पोल खोल दी। आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले लोगों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से पानी की निकासी की कोई स्थाई व्यवस्था नहीं है, जिस कारण हर साल बरसात में इन्हीं समस्याओं से दो चार होना पड़ता है। कई बार इस बारे में अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इस ओर कोई भी ध्यान देने को तैयार नहीं है।